छत्तीसगढ़

मुंगेली में ऑपरेशन बाज का एक्शन, 4 फरार वारंटी गिरफ्तार

Shantanu Roy
22 Nov 2026 9:37 PM IST
मुंगेली में ऑपरेशन बाज का एक्शन, 4 फरार वारंटी गिरफ्तार
x
छग
Mungeli. मुंगेली। जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन बाज' के तहत मुंगेली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में फरार चार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इसके साथ ही जुआ खेलते दो आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से 1,700 रुपए नकद और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।

वहीं थाना फास्टरपुर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर जांच करते हुए एक व्यक्ति के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ ही जुआ, सट्टा और अवैध शराब बिक्री जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में साइबर सेल, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली और थाना फास्टरपुर की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

बिलासपुर और मुंगेली से पकड़े गए चार फरार वारंटी
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2020 के प्रकरण क्रमांक 1465/20 और थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के अपराध क्रमांक 472/20 में भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 506, 323 और 34 के तहत फरार स्थायी वारंटी गोवर्धन यादव (32 वर्ष), पिता रमेश यादव, निवासी पंडरभट्ठा की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया। इसी तरह रायपुर न्यायालय के वर्ष 2023 के प्रकरण क्रमांक 8243/2023 में चेक बाउंस से संबंधित एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत फरार स्थायी वारंटी शुभम शर्मा (30 वर्ष), पिता राजेंद्र शर्मा, निवासी ग्राम हरदी, थाना पथरिया को मुंगेली से पकड़ा गया।

तीसरी कार्रवाई में वर्ष 2021 के थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के अपराध क्रमांक 554/21 में धारा 279, 337 और 338 के तहत फरार स्थायी वारंटी राजू साहू (30 वर्ष), पिता संजू साहू, निवासी लिंगियाडीह, थाना सरकंडा, बिलासपुर को जिला अस्पताल बिलासपुर के पास से पकड़ा गया। वहीं वर्ष 2023 में थाना सिटी कोतवाली के धारा 406 भारतीय दंड संहिता से संबंधित प्रकरण में फरार स्थायी वारंटी योगेश सोनवानी (35 वर्ष), पिता मानदास सोनवानी, निवासी गांधी नगर सोढार को मुंगेली से पकड़ा गया। पुलिस ने चारों स्थायी वारंटियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया।

किरण फ्यूल्स के पास जुआ खेलते दो आरोपी पकड़े गए
ऑपरेशन बाज के तहत थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ भी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को किरण फ्यूल्स के पास कुछ लोगों द्वारा रुपए-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्तियों से काटपत्ती जुआ खेलने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दो व्यक्तियों को पकड़ा। इनमें रिजवान कुरैशी (30 वर्ष), पिता इलियास कुरैशी, निवासी बड़ा बाजार मुंगेली और शेर सिंह (47 वर्ष), पिता शंकर धोबी, निवासी रामगढ़, थाना मुंगेली शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 1,700 रुपए नकद और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

अवैध शराब बिक्री की सूचना पर फास्टरपुर पुलिस की दबिश
इसी अभियान के तहत थाना फास्टरपुर पुलिस ने 21 नवंबर को ग्राम खैरा सेतगंगा में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने निरंजन टोंडर (50 वर्ष), पिता बैसाखू टोंडर, निवासी खैरा सेतगंगा की दुकान पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दुकान से शराब बरामद नहीं हुई। हालांकि सूचना की तस्दीक के आधार पर शराब बिक्री की बात सामने आने पर संबंधित व्यक्ति को अवैध शराब नहीं बेचने की सख्त हिदायत दी गई। इसके साथ ही थाना फास्टरपुर में इस्तगासा क्रमांक 21/173/2026 के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126, 135(3) और 170 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। मुंगेली पुलिस की इन कार्रवाइयों में चार स्थायी वारंटियों को न्यायालय में पेश किया गया, जुआ अधिनियम के तहत दो व्यक्तियों पर कार्रवाई हुई और अवैध शराब बिक्री की सूचना पर एक व्यक्ति के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
Next Story