छत्तीसगढ़

ऑपरेशन आघात: 48 घंटे में 121 लीटर अवैध शराब जब्त

Shantanu Roy
23 Aug 2026 4:06 PM IST
ऑपरेशन आघात: 48 घंटे में 121 लीटर अवैध शराब जब्त
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने पिछले 48 घंटों में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर कुल 121.250 लीटर अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान अंग्रेजी शराब, बीयर और बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद की गई है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी और दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार जूटमिल थाना क्षेत्र में हमर ढाबा के पीछे अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कृष्णा सारथी उम्र 20 वर्ष निवासी गांधी नगर, जूटमिल को पकड़ा। उसके कब्जे से 25 नग देशी प्लेन शराब की बोतलें और 5 नग बीयर की बोतलें बरामद की गईं। कुल 7.750 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 3 हजार 50 रुपये बताई गई है। आरोपी के पास शराब रखने या बेचने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
इसी तरह कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर शिव मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी सुरिस्ठ सिंह उम्र 62 वर्ष निवासी रांची झारखंड के पास से अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने उसके पास से TEACHERS, BLACK DOG और VAT 69 सहित कुल 22.5 बल्क लीटर शराब जब्त की। शराब की कीमत करीब 34 हजार रुपये और बिक्री की रकम 1 हजार रुपये बरामद की गई।
तमनार पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ लगातार दो कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में ग्राम मिलूपारा-खम्हरिया मार्ग से संतकुमार यादव उम्र 43 वर्ष को पकड़ा गया। उसके पास से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। वहीं दूसरी कार्रवाई में टांगरघाट निवासी परवन कुमार राठिया के घर की बाड़ी में दबिश देकर 31 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
छाल थाना पुलिस ने ग्राम सारसमार में कार्रवाई करते हुए संजय कुमार साण्डेल उम्र 45 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 14 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम बैहामुड़ा में कार्रवाई करते हुए लक्ष्मीनारायण सारथी उम्र 41 वर्ष के घर की बाड़ी से 26 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। आरोपी शराब बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के मालीडिपा और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के कोसमनारा चौक में सार्वजनिक रूप से शराब पीने वालों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Next Story