छत्तीसगढ़

ऑपरेशन अंकुश में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
4 Oct 2026 3:29 PM IST
ऑपरेशन अंकुश में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा और खास तौर पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से Vivo V60 मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस को मोबाइल की जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किए जाने के साक्ष्य भी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई 3 अक्टूबर 2026 को की गई। चक्रधरनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर हार-जीत का दांव लगवा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद आरोपी की पहचान पंकज जय सिंह, पिता गोविंद राम जय सिंह, निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ के रूप में की। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह करीब एक वर्ष से क्रिकेट सट्टे के कारोबार से जुड़ा हुआ है। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी सट्टे से संबंधित कार्रवाई हो चुकी है। आरोपी ऑनलाइन सट्टे में लगाई जाने वाली रकम UPI के माध्यम से प्राप्त करता था और उसे मुख्य खाईवाल को ऑनलाइन भेजता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक Vivo V60 मोबाइल फोन जब्त किया। मोबाइल की तकनीकी जांच के दौरान Google Chrome हिस्ट्री में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा साइट की लिंक संचालित किए जाने के साक्ष्य मिले। पुलिस अब मोबाइल में मौजूद अन्य डिजिटल जानकारी के आधार पर ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान मुख्य खाईवाल के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। अब पुलिस उस व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि खाईवाल की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
आरोपी के खिलाफ धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क को रोकने के लिए केवल मौके पर कार्रवाई ही नहीं, बल्कि पुराने आरोपियों के क्राइम रिकॉर्ड और उनके डिजिटल फुटप्रिंट का भी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सट्टे का कारोबार किस तरह संचालित हो रहा है और इससे जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई में सिटी एसपी मयंक मिश्रा और सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में एसआई गेंदलाल साहू, एएसआई आशिक रात्रे, आरक्षक संदीप कौशिक और आरक्षक मिनकेतन साहू की भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार पर पुलिस की निगरानी लगातार बनी हुई है। सट्टे के कारोबार से जुड़े पुराने आरोपियों के साथ उनके डिजिटल फुटप्रिंट पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध सट्टा संचालन में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story