छत्तीसगढ़

दफ्तर में चढ्ढा-बनियान पहने अफसर शराब पीते दिखे, सस्पेंड

Nil dhankar
5 Jun 2026 11:05 AM IST
दफ्तर में चढ्ढा-बनियान पहने अफसर शराब पीते दिखे, सस्पेंड
x
छग

बेमेतरा। नगर पंचायत दाढ़ी के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी रमेश कुमार ध्रुव को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में अनियमितता और कदाचार की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई थी।

जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने प्रकरण शासन को भेजा। इसके आधार पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने निलंबन आदेश जारी किया। जांच में नगर पंचायत दाढ़ी के वार्ड क्रमांक-11 में बजरंगबली मंदिर से लगनी बाई के घर तक निर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर शिकायत हुई थी। कोर कटिंग परीक्षण में सड़क की मोटाई निर्धारित मानक एम-30 के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके अलावा कार्यालय कक्ष में शराब की बोतल रखे होने, आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने की शिकायत भी जांच में शामिल रही।

विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा चेतावनी दिए जाने के बावजूद रमेश ध्रुव समय-सीमा की बैठकों में बिना पूर्व सूचना के लगातार अनुपस्थित रहे। शासन ने इसे सेवा नियमों का उल्लंघन माना।

Next Story