छत्तीसगढ़
त्योहारी सीजन से पहले नॉर्थ जोन पुलिस अलर्ट, 14 लोगों पर कार्रवाई
Shantanu Roy
16 Sept 2026 8:44 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर नॉर्थ जोन पुलिस ने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेकिंग और निगरानी अभियान चलाकर कुल 14 आरोपियों और व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में NDPS एक्ट के तहत 4 आरोपी, आबकारी एक्ट के तहत 1 आरोपी और ऑनलाइन सट्टा मामले में 1 आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा 8 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
नशीली दवा के साथ 4 आरोपी पकड़े गए
पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 469/2026 में NDPS एक्ट की धारा 21(बी) के तहत चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोपियों के कब्जे से यामाहा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 LZ 9586 में रखी प्रतिबंधित नशीली दवा निट्राजेपाम बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से निट्राजेपाम की 19 पत्तियों में कुल 183 टैबलेट मिली हैं। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई
थाना उरला क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए एक आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान लोकेश वघेल उर्फ डोंगा, पिता भोजराम वघेल, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 पाउच देशी मदिरा बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.940 लीटर और कीमत करीब 2,640 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 470/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई है।
ऑनलाइन सट्टा लिखाने वाले पर कार्रवाई
नॉर्थ जोन पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ भी कार्रवाई की है। थाना खमतराई क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा लिखाने वाले एक आरोपी के विरुद्ध संबंधित अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा और अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
8 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने 8 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इसमें थाना खम्हारडीह में 3, थाना पंडरी में 1, थाना गुढ़ियारी में 3 और थाना खमतराई में 1 व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। नॉर्थ जोन पुलिस ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और वाहन चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थ, शराब बिक्री, ऑनलाइन सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





