छत्तीसगढ़
ऑनलाइन हाजिरी नहीं तो कार्रवाई! दो ब्लॉक के 92 शिक्षकों को शिक्षा विभाग का नोटिस
Shantanu Roy
29 Nov 2026 3:31 PM IST

x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। स्कूलों में समय पर पहुंचने और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विद्या समीक्षा केंद्र (BSK) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। इसके बावजूद ऑनलाइन उपस्थिति में लापरवाही बरतने वाले राजनांदगांव और छुरिया विकासखंड के कुल 92 शिक्षक-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने संबंधित कर्मचारियों से निर्धारित समय-सीमा में जवाब मांगा है। संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
छुरिया के 51 और राजनांदगांव के 41 शिक्षकों को नोटिस
विभागीय जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन उपस्थिति में अनियमितता को लेकर छुरिया विकासखंड के 51 और राजनांदगांव विकासखंड के 41 शिक्षक-कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। निरीक्षण और विद्या समीक्षा केंद्र ऐप में दर्ज डिजिटल आंकड़ों की जांच के दौरान कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं। इनमें स्कूलों में निर्धारित समय से देरी से पहुंचना, बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहना और विद्यालय आने के बाद छुट्टी के समय ऐप में आउट-टाइम दर्ज नहीं करना जैसी शिकायतें शामिल हैं। विभाग का मानना है कि ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था का उद्देश्य स्कूलों में अनुशासन बनाए रखना और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है।
दो संस्था प्रमुखों की लापरवाही भी आई सामने
जांच के दौरान छुरिया विकासखंड के दो शासकीय स्कूलों के संस्था प्रमुखों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रंगाकटोला मेढ़ा के संस्था प्रमुख बलराम कौशिक को विद्या समीक्षा केंद्र ऐप में लॉगिन नहीं करने के कारण अलग से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, रेंगाकटोरा के संस्था प्रमुख अतुल सिन्हा को लगातार दो दिनों तक अनुपस्थित पाए जाने के मामले में नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। शिक्षा विभाग ने दोनों संस्था प्रमुखों से भी अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
ऐप के जरिए उच्च कार्यालय से हो रही निगरानी
शिक्षा विभाग के अनुसार, अब उच्च कार्यालय से सीधे BSK ऐप के माध्यम से स्कूलों की दैनिक उपस्थिति और गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। डिजिटल सिस्टम के जरिए यह देखा जा रहा है कि शिक्षक निर्धारित समय पर स्कूल पहुंच रहे हैं या नहीं और छुट्टी के समय उनकी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज है या नहीं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस पाने वाले सभी शिक्षक और कर्मचारी अपने संस्था प्रमुख के माध्यम से तय समय-सीमा के भीतर तथ्यात्मक जवाब प्रस्तुत करें। यदि किसी कर्मचारी का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो उसके खिलाफ एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा जा सकता है।
नेटवर्क और तकनीकी समस्या को लेकर शिक्षक परेशान
नोटिस जारी होने के बाद जिले के शिक्षक वर्ग में हलचल मची हुई है। कई शिक्षक नेटवर्क की समस्या और मोबाइल ऐप में आ रही तकनीकी दिक्कतों का हवाला दे रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार स्कूल में उपस्थित रहने के बावजूद नेटवर्क नहीं मिलने के कारण ऐप पर समय दर्ज नहीं हो पाता। ऐसे मामलों को लेकर शिक्षक शिक्षा विभाग के कार्यालयों में अपनी समस्याएं रख रहे हैं। दूसरी ओर, शिक्षक संगठनों ने भी ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि तकनीकी समस्याओं को ध्यान में रखे बिना केवल ऐप के आंकड़ों के आधार पर कार्रवाई करना उचित नहीं होगा।
ऑनलाइन हाजिरी के आधार पर वेतन भुगतान की तैयारी
इस मामले में शिक्षकों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि विभाग ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर वेतन जारी करने की व्यवस्था लागू करने की तैयारी में बताया जा रहा है। ऐसे में नेटवर्क या तकनीकी परेशानी के कारण उपस्थिति दर्ज नहीं होने पर वेतन प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, वेतन रोकने या कटौती को लेकर किसी अंतिम आदेश की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कही यह बात
राजनांदगांव के जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास बघेल ने बताया कि सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए BSK ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य है। उच्च स्तर से इसकी लगातार निगरानी की जा रही है। जिन कर्मचारियों की उपस्थिति में लापरवाही सामने आई है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। फिलहाल शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब संबंधित शिक्षकों के जवाब और विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Tagsराजनांदगांव शिक्षक नोटिसBSK ऐप ऑनलाइन हाजिरीछुरिया शिक्षक कार्रवाईविद्या समीक्षा केंद्रछत्तीसगढ़ शिक्षा विभागशिक्षा विभागऑनलाइन हाजिरीशिक्षक कार्रवाईशिक्षक नोटिसRajnandgaon Teacher NoticeBSK App Online AttendanceChhuriya Teacher ActionVidya Samiksha KendraChhattisgarh Education DepartmentEducation DepartmentOnline AttendanceTeacher ActionTeacher Notice
Next Story





