वसूली करने वाले 9 लड़के गिरफ्तार, मवेशी ले जाने की बात पर वारदात को अंजाम

केसीजी। वसूली करने वाले 9 लड़के गिरफ्तार किए गए है। पीड़ित सागर तुरकर ने दिनांक 08.06.2026 को थाना साल्हेवारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने दिनांक 07.06.2026 को गंडई मवेशी बाजार से खेती-किसानी के लिए 05 बैल खरीदे थे। बैलों को लेकर पैदल अपने घर जाते समय रात्रि होने पर ग्राम गोपालटोला (साल्हेवारा) स्थित अपने रिश्तेदार के घर रुक गया।
अगले दिन 08.06.2026 को सुबह लगभग 04:00 बजे वह अपने पिता के साथ बैलों को लेकर घर के लिए रवाना हुआ। सुबह लगभग 04:30 बजे गोपालटोला एवं भाजीडोंगरी के मध्य पुलिया के पास कुछ युवकों एवं अपचारी बालकों ने उनका रास्ता रोक लिया। बैलों के संबंध में पूछताछ करने पर प्रार्थी द्वारा खेती हेतु खरीदे गए बैलों के दस्तावेज दिखाए गए, लेकिन आरोपियों ने उन्हें मवेशी तस्कर बताते हुए 1,00,000 रुपये की अवैध मांग की। प्रार्थी द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों एवं डंडों से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी के फोनपे खाते से जबरन 30,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए तथा उसके रिश्तेदार से भी 6,000 रुपये मंगवाकर कुल 36,000 रुपये की उगाही की। रिपोर्ट पर थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 19/2026, धारा 126(2), 296, 351(2), 115, 191(2) एवं 308(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों एवं अपचारी बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल, 04 मोबाइल फोन एवं उगाही की राशि में से 27,500 रुपये नगद जप्त किए गए। अपराध के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 09.06.2026 को आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय जेएमएफसी न्यायालय, छुईखदान तथा अपचारी बालकों को माननीय किशोर न्याय बोर्ड, राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी
(1)संजू कुमार केकती, पिता बगस, उम्र 19 वर्ष, निवासी झाझनगर, साल्हेवारा।
(2)दिनेश नेताम, पिता पुनाराम, उम्र 20 वर्ष, निवासी झाझनगर, साल्हेवारा।
(3)रिवन नेताम, पिता झामसिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी रेंगाखार, थाना रेंगाखार, हाल पता साल्हेवारा।
(4)फलचंद मेहरा, पिता गीता प्रसाद, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम खादी, साल्हेवारा।
(5)लक्ष्मण यादव, पिता चमरू यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम देवपुराघाट, साल्हेवारा।
(6) 04 अपचारी बालक





