आक्रामक पालतू कुत्ते के कारण घर से नहीं निकल रहे मोहल्ले के बच्चे, लोगों में आक्रोश

जगदलपुर। बृजराज नगर इलाके में दो दिन पहले एक पालतू कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और राहगीरों पर झपटने लगा। इस दौरान उसने कुछ लोगों को काट भी लिया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना का CCTV वीडियो भी अब सामने आया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुत्ते का मालिक रोज की तरह रात में उसे घर के बाहर छोड़ देता था। घटना वाली रात भी कुत्ते को बाहर छोड़ा गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद वह अचानक आक्रामक हो गया और सड़क से गुजर रहे लोगों पर हमला करने लगा। इसी दौरान एक महिला अपने बच्चे के साथ वहां से गुजर रही थी। अचानक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। महिला घबराकर चिल्लाने लगी और बच्ची के साथ पास के गड्ढे में गिर गई। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन कुत्ता उन्हें भी झपटने लगा।
बताया जा रहा है कि कुत्ते ने आसपास से गुजर रहे कई लोगों पर हमला करने की कोशिश की। इससे घबराकर लोग घरों और दुकानों के अंदर छिप गए। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जुटे और कुत्ते को काबू में करने की कोशिश की गई।





