पड़ोसी ने 2 बहनों के साथ किया रेप, पीड़िता के शोर मचाने पर पकड़ाया

कांकेर। जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, पखांजुर थाना क्षेत्र में एक पड़ोसी युवक ने 2 सगी मासूम बहनों को अपनी हवस का शिकार बना लिया. पीड़ित बच्चियों में एक की उम्र महज 7 साल है जिसके साथ आरोपी ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है. वहीं रक्षाबंधन के दिन बड़ी बहन को भी आरोपी ने घुमाने के नाम से सुनसान इलाके में ले जाकर जबरदस्ती की. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम देवदास उइके (18 वर्ष) है. वह दोनों पीड़ित बहनों का पड़ोसी है और उनके साथ घुल-मिलकर रहता था. उनके साथ खेलता और घुमाने ले जाया करता था. लेकिन रक्षाबंधन के दिन युवक घुमाने के बहाने 11 साल की बच्ची को अपने साथ बाइक पर एक सुनसान जगह ले जाकर मुंह दबाकर जबरदस्ती करने लगा. लेकिन बच्ची ने किसी तरह शोर मचाया, तो आरोपी वहां से भाग निकला और आस-पास के लोग इकट्ठे हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से मामले की जानकारी ली और पीड़िता को उसके घर लेकर गई. घर पहुंचते ही पीड़िता ने पुलिस के सामने अपनी आप-बीती सुनाई. इसी बीच पीड़िता की छोटी बहन, जो महज 7 साल की है. उसने भी अपने साथ हुए दुष्कर्म की जानकारी परिजनों को दी. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल किया कि उसने दोनों बच्चियों के साथ अनाचार की घटना को अंजाम दिया है. इसके बाद आज पुलिस ने आरोपी देवदास उईके को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.





