नशा पार्टी में मर्डर, कांकेर में हुई वारदात का वीडियो वायरल

कांकेर। जिले में दो दिन पहले शहर में एक युवक की चाकू से वारकर हत्या कर दी गई थी। शहर के भीतर हुए इस हत्याकांड ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हत्याकांड के पहले युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई थी और इसी बीच युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया गया था। इस घटना का वीडियो अब सामने आया है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जिस समय ये घटना हुई थी, उस समय मौके पर कई युवक मौजूद थे, जो कि वीडियो में साफ नजर आ रहा है। युवकों के हाथ में सिगरेट, मौके पर डिपोजल इस बात का गवाह है कि मौके पर युवक नशा कर रहे थे और इसी बीच दोनों गुट में विवाद हुआ और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। इसी बीच एक युवक शिव वाल्मीकि को इतनी गंभीर चोट आई कि अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
अब सवाल ये उठता है कि खुलेआम युवक शहर के बीच नशा का अड्डा बनाए बैठे हैं और दिनदहाड़े नशा कर अपराध करने से बाज नहीं आ रहे हैं। बीच बस्ती के मैदान में इस तरह नशे के बाजार चल रहे हैं और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं है। जिस तरह से यह घटना हुई है वो बेहद गंभीर है।





