
रायपुर। MP बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर पहुंचे जेपी नड्डा का स्वागत किया। उन्होंने आगे X पोस्ट में लिखा, छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के सफल 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जांजगीर में आयोजित “जनादेश परब” में सहभागिता हेतु छत्तीसगढ़ पधारे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा का स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर में आत्मीय स्वागत किया। यह अवसर छत्तीसगढ़ में सुशासन, विकास और जनकल्याण के दो स्वर्णिम वर्षों की उपलब्धियों को जनता के साथ साझा करने का सशक्त माध्यम है।
बता दें, 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पदभार ग्रहण किया था। साय सरकार के 2 साल पूरा होने के उलक्ष्य में आज जांजगीर के पुलिस लाईन में जनादेश परब का आयोजन किया जा रहा है।
जनादेश परब में जनता-जनार्दन के समक्ष छत्तीसगढ़ सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों और राज्य के एकीकृत विकास के लिए लिए गए फैसलों की जानकारी दी जाएगी। जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा। इस विशाल आमसभा को केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा सम्बोधित करेंगे।





