छत्तीसगढ़

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने वरिष्ठ नेता राम अवतार मिश्रा से की आत्मीय मुलाकात

Shantanu Roy
21 Feb 2026 4:20 PM IST
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने वरिष्ठ नेता राम अवतार मिश्रा से की आत्मीय मुलाकात
x
छग
Dhamtari. धमतरी। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने धमतरी प्रवास के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता राम अवतार मिश्रा से उनके निवास पर पहुंचकर आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान सांसद अग्रवाल ने मिश्रा परिवार की तीन पीढ़ियों द्वारा संघ, जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के लिए किए गए निस्वार्थ समर्पण को आदरपूर्वक याद किया और उन्हें संगठन की अमूल्य धरोहर बताया। सांसद अग्रवाल ने स्वर्गीय हनुमान प्रसाद मिश्रा का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि वह दौर अलग था, जब पार्टी के कार्यक्रमों में गिने-चुने लोग जुटते थे और संसाधन बेहद सीमित थे। बावजूद इसके, विचारों की दृढ़ता और संकल्प की अटूट शक्ति के बल पर हनुमान प्रसाद मिश्रा ने धमतरी में संगठन की नींव मजबूत की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मिश्रा का जीवन तप, त्याग और ईमानदारी का प्रेरणादायक उदाहरण रहा है, जिसने कई कार्यकर्ताओं को दिशा देने का काम किया।
उन्होंने आगे कहा कि हनुमान प्रसाद मिश्रा के सुपुत्र राम अवतार मिश्रा ने उसी परंपरा को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाया। सांसद अग्रवाल ने बताया कि उन्हें दोनों नेताओं के साथ काम करने का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व और सीख का विषय रहा। अब राम अवतार मिश्रा के पुत्र भी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में संगठन को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं, जो परिवार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सांसद अग्रवाल ने यह भी उल्लेख किया कि हनुमान प्रसाद मिश्रा और राम अवतार मिश्रा धमतरी से विधानसभा चुनाव भी लड़े। उन्होंने कहा कि जीत-हार से परे रहकर संगठन को खड़ा करना, कार्यकर्ताओं को जोड़ना और विचारधारा के प्रति एकनिष्ठ बने रहना। यही उनके जीवन का ध्येय रहा है। ऐसे समर्पण और सिद्धांतों के कारण मिश्रा परिवार संगठन में विशेष स्थान रखता है।
स्वास्थ्य कारणों से पिछले कुछ वर्षों में राम अवतार मिश्रा की सार्वजनिक कार्यक्रमों में उपस्थिति सीमित रही है और रायपुर आना-जाना भी कम हो गया है। इसी वजह से सांसद अग्रवाल ने धमतरी प्रवास के दौरान स्वयं उनके निवास पहुंचकर कुशलक्षेम जानी। मुलाकात के दौरान परिवार के सभी सदस्यों से आत्मीय भेंट हुई और पुराने दिनों की अनेक स्मृतियां ताजा हुईं। सांसद अग्रवाल ने कहा कि ऐसे परिवार राजनीति और संगठन की असली ताकत होते हैं। राजनीति केवल वर्तमान की सक्रियता नहीं, बल्कि अतीत की तपस्या, मूल्यों और निरंतरता पर आधारित होती है। अंत में उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि राम अवतार मिश्रा को स्वस्थ, प्रसन्न एवं दीर्घायु जीवन प्रदान करें, ताकि उनका अनुभव और आशीर्वाद संगठन को निरंतर मार्गदर्शन देता रहे।
Next Story