
रायपुर/चेन्नई। भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल तमिलनाडु के दौरे पर हैं। वे शिक्षा, महिला और बाल कल्याण समिति के अध्ययन दौरे पर चेन्नई पहुंचे हैं. यहां वे स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सुरक्षा कार्यक्रमों की समीक्षा कर रहे हैं. मंत्रालय के अधिकारियों के साथ उन्होंने समग्र शिक्षा अभियान, विद्यार्थियों को निशुल्क नाश्ता योजना, गर्भवती और धात्री महिलाओं के कल्याण, कुपोषण योजनाएं तथा कुपोषण उन्मूलन पर चर्चा की।
बृजमोहन अग्रवाल का पोस्ट
चेन्नई में शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे पर समिति अध्यक्ष श्री दिग्विजय सिंह एवं अन्य सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में स्कूल समग्र शिक्षा अभियान की प्रगति, विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क नाश्ता योजना, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के कल्याण हेतु योजनाएँ तथा महिलाओं और बच्चों में कुपोषण उन्मूलन हेतु विशिष्ट पहलें जैसे विषयों पर चर्चा की।
बैठक में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और पीएसयू प्रतिनिधियों के साथ महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुष्ट करते हुए, समिति ने यौन उत्पीड़न निवारण (POSH) अधिनियम, 2013 के कार्यान्वयन की समीक्षा की। अध्ययन दौरे के अंत में समिति सदस्यों ने आईआईटी मद्रास का दौरा किया जहां उच्च शिक्षा संस्थानों और विभागीय अधिकारियों के साथ शिक्षण पद्धतियों में श्रेष्ठ अभ्यास, उद्योग-अकादमिक सहयोग, शोध पारितंत्र की उपलब्धियाँ तथा वित्तीय, मानव संसाधन, प्रशासनिक और भौगोलिक चुनौतियों पर गहन चर्चा की।





