छत्तीसगढ़

घर में शादी से पहले पसरा मातम, एक्सीडेंट में युवक की मौत

Nilmani Pal
30 March 2026 12:38 PM IST
घर में शादी से पहले पसरा मातम, एक्सीडेंट में युवक की मौत
x
छग

बिलासपुर। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, तखतपुर क्षेत्र के दर्रिकापा गांव निवासी परसराम पोर्ते (50) और उनके रिश्तेदार भरत सिंह ध्रुव (45) परिवार में होने वाली शादी के लिए निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे। रविवार को दोनों बाइक से रिश्तेदारों के घर गए थे और दोपहर में वापस लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि जब दोनों नेवरा गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे। इस दौरान वाहन परसराम को कुचलते हुए निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में भरत ध्रुव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर बेहोश पड़े रहे। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोटा पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Next Story