छत्तीसगढ़
कोंडागांव और कोरबा में मातम, मासूम समेत दो की मौत से मचा हड़कंप
Shantanu Roy
22 Nov 2026 2:47 PM IST

x
छग
Pharasgaon/Korba. फरसगांव/कोरबा। छत्तीसगढ़ में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोंडागांव जिले के ग्राम अलीबेड़ा में तालाब में डूबने से 6 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। वहीं, कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में हसदेव नदी स्थित सर्वेश्वर एनीकट में चार दिनों से लापता कॉलेज छात्र अर्जुन सिंह नेटी का शव बरामद हुआ। एक तरफ स्कूल से लौटने के बाद तालाब में नहाने गए मासूम की जान चली गई, तो दूसरी ओर कॉलेज जाने के लिए घर से निकले छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
स्कूल से लौटकर तालाब में नहाने गया था मासूम
पहली घटना कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अलीबेड़ा की है। यहां 6 वर्षीय पवन नेताम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पवन नेताम पिता सोनराज नेताम के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पवन रोजाना की तरह स्कूल गया था। दोपहर में स्कूल से घर लौटने के बाद वह गांव में स्थित गंधरूराम मरकाम के खेत में बने तालाब में नहाने के लिए चला गया। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी की तरफ चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद एक बच्ची ने जब पवन को पानी में डूबते देखा तो वह घबराकर वहां से घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने तालाब से बाहर निकाला, लेकिन नहीं बची जान
बच्ची से घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घबराकर खेत में बने तालाब की ओर दौड़े। परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद मासूम पवन को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही फरसगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मासूम की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।
दूसरी घटना: चार दिन से लापता कॉलेज छात्र का एनीकट में मिला शव
दूसरी घटना कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र की है। यहां हसदेव नदी स्थित सर्वेश्वर एनीकट में शनिवार सुबह लापता कॉलेज छात्र अर्जुन सिंह नेटी का शव मिला। अर्जुन बांगो थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) धनंजय सिंह नेटी का इकलौता पुत्र था। अर्जुन दर्री स्थित कैलाश विहार के एफ-टाइप 819 आवास में रहता था और कमला नेहरू महाविद्यालय का छात्र था। वह 18 नवंबर को अपनी मोटरसाइकिल से कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 19 नवंबर को दर्री थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस और परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
जली हुई बाइक और शव से भी नहीं मिला था सुराग
अर्जुन की तलाश के दौरान बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में एक युवक और मोटरसाइकिल जली हुई अवस्था में मिलने की घटना सामने आई थी। पुलिस ने अर्जुन के लापता होने के मद्देनजर परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन जांच में वह शव अर्जुन का नहीं निकला। इसके बाद शनिवार सुबह सर्वेश्वर एनीकट में मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों ने पानी में एक युवक का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई, जहां शव अर्जुन सिंह नेटी का निकला।
बाइक और मोबाइल गायब, मौत की परिस्थितियां संदिग्ध
अर्जुन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी अब तक बरामद नहीं हुए हैं। इन परिस्थितियों के कारण परिजन घटना को सामान्य नहीं मान रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही अर्जुन की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इन दोनों घटनाओं ने प्रदेश के दो परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है। फिलहाल फरसगांव और दर्री पुलिस अपने-अपने मामलों की जांच में जुटी हुई है।
Tagsछत्तीसगढ़ हादसाकोंडागांव मासूम की मौतपवन नेताम तालाब में डूबाकोरबा लापता छात्र का शवअर्जुन सिंह नेटीहसदेव नदी एनीकट हादसाएनीकट हादसापवन नेतामहसदेव नदीकोंडागांव मासूमकोंडागांव न्यूज़मासूम की मौतहसदेव नदी हादसाChhattisgarh incidentdeath of a young child in KondagaonPawan Netam drowns in a pondbody of a missing student found in KorbaArjun Singh NetiHasdeo River anicut incidentanicut incidentPawan NetamHasdeo RiverKondagaon childKondagaon newsdeath of a childHasdeo River incident
Next Story





