
कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामणी वार्ड क्रमांक 10, शनि मंदिर के पास रहने वाले अरुण उर्फ गोविंदा श्रीवास के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया। गिरफ्तारी के कुछ ही घंटे बाद उसकी 45 वर्षीय बीमार मां सावित्री श्रीवास की तबीयत अचानक बिगड़ गई और देर रात उनकी मौत हो गई। वह पहले से अस्वस्थ थीं।
बुधवार सुबह जैसे ही मोहल्ले में घटना की जानकारी फैली, बड़ी संख्या में बस्तीवासी और वार्ड पार्षद मृतक के घर पहुंचे। लोगों ने मांग की कि अरुण उर्फ गोविंदा को उसकी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल पर रिहा किया जाए। इसके लिए वार्डवासी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी से गुहार लगाई।
मामले की जानकारी मिलने पर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश दी और आवश्यक प्रक्रिया के बाद गोविंदा को पैरोल पर रिहा कर उसके घर लाया गया। इसके बाद वह मोती सागर स्थित मुक्तिधाम पहुंचा, जहां उसने विधिवत अपनी मां का अंतिम संस्कार किया। इस दौरान किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।





