
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर इलाके की है। बताया जा रहा है कि महिला घर की छत पर कपड़े सुखा रही थी, तभी वह करंट की चपेट में आ गई। मां को बचाने के प्रयास में उसका बेटा भी करंट से झुलस गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान कल्याणी यादव (54 वर्ष) और उनके बेटे मधुसूदन यादव (28 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के लोगों के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। कल्याणी यादव अपने घर की छत पर बंधे लोहे के तार पर कपड़े सुखा रही थीं। इसी दौरान किसी कारणवश लोहे के तार में करंट प्रवाहित हो गया और महिला उसकी चपेट में आ गई।
मां को करंट लगते देखकर बेटा मधुसूदन यादव तुरंत उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। उसने मां को करंट से अलग करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिजली सप्लाई बंद कराने की कोशिश की और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर दोनों को बचा नहीं सके। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि कल्याणी यादव अपने बेटे और दो बेटियों के साथ किराए के मकान में रहती थीं। परिवार छत के ऊपर बने एक कमरे में रह रहा था। मृतक मधुसूदन यादव प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वहीं, एक बहन घर में रहकर पढ़ाई कर रही है, जबकि दूसरी बहन बाहर रहकर नर्सिंग की तैयारी कर रही है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मोहल्ले में भी मातम पसरा हुआ है।
Next Story





