छत्तीसगढ़

मानसून का माहौल बनने वाला है छत्तीसगढ़ में, अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार

Nilmani Pal
18 Jun 2026 8:47 AM IST
मानसून का माहौल बनने वाला है छत्तीसगढ़ में, अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार
x

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थिति अनुकूल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दुर्ग में सर्वाधिक 3 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जशपुरनगर में 2 सेमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के केल्हारी में 1 सेमी, जशपुर के मनोरा में 1 सेमी और बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में 1 सेमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी विदर्भ और तेलंगाना होते हुए दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक द्रोणिका सक्रिय है। वहीं पूर्वी विदर्भ और उससे लगे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

येलो अलर्ट

राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, बालोद, जशपुर, रायगढ़, कबीरधाम, बेमेतरा, कोंडागांव और बस्तर जिलों में कुछ जगहों पर हल्की आंधी-तूफान के साथ बारिश और ज़मीनी हवा (30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है।

Next Story