छत्तीसगढ़

स्वास्थ्य सचिव बनकर अस्पतालों से मांगी जा रही रकम

Nil dhankar
2 April 2026 11:20 AM IST
स्वास्थ्य सचिव बनकर अस्पतालों से मांगी जा रही रकम
x

छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग के नाम पर फर्जीवाड़ा

रायपुर (जसेरि)। दलाल अधिकारी और ठग छत्तीसगढ़ को लूटने का कोई भी मौक़ा नहीं छोड़ते। कभी मंत्री के नाम पर कभी स्वास्थ्य विभाग के सचिव के फर्जी कॉल से अस्पताल संचालकों को डराया धमकाया जा रहा है और मंत्रालय बुलाकर पैसे की माँग भी की गई छत्तीसगढ़ में बाहरी दलाल और फर्जी अधिकारी ने जमकर लूट खसोट मचा रखी है। पुलिस जाँच में सच्चाई खुलकर सामने आईएगी।

छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के नाम पर फर्जी कॉल कर अस्पताल संचालकों से धन उगाही का मामला सामने आया है। इस गंभीर प्रकरण को विभाग के प्रमुख सचिव अमित कटारिया के संज्ञान में आते ही रायपुर पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग कर प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। जारी शिकायत के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति खुद को अजय अग्रवाल बताकर राज्य के विभिन्न निजी अस्पताल संचालकों को फोन कर रहा है।

मंत्रालय बुलाकर गुमराह करने की कोशिश : वह अस्पतालों के खिलाफ कथित शिकायत का हवाला देकर उसे खत्म कराने के नाम पर मानसिक दबाव बना रहा है। साथ ही अप्रत्यक्ष रूप से पैसों की मांग भी की जा रही है। इतना ही नहीं, संबंधित लोगों को मंत्रालय बुलाकर भी गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अजय अग्रवाल नाम का कोई भी व्यक्ति सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग या उनके निजी स्थापना में कार्यरत नहीं है।

विभाग की छवि को पहुंचाया जा रहा नुकसान : विभाग का कहना है कि आरोपी द्वारा सचिव के नाम और पद का दुरुपयोग कर अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही है। इस संबंध में ए.एम. अस्पताल, चरौदा (भिलाई) के संचालक डॉ. मनोज पोपटनी और गंगोत्री अस्पताल, आर्य नगर (दुर्ग) के संचालक डॉ. ओम प्रकाश कराडे ने लिखित शिकायत दी है।

सचिव ने पुलिस को लिखा पत्र : इस मामले में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने रायपुर पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने साफ कहा है कि यह उनकी और विभाग की छवि खराब करने की साजिश है।

विभाग ने जारी किया अलर्ट : घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।

मामले में प्रदेश के कई नामी

अस्पतालों के नाम सामने आए हैं

ए.एम. हॉस्पिटल, चरौदा (भिलाई), गंगोत्री अस्पताल, दुर्ग, एस.आर. हॉस्पिटल, भिलाई, आर.बी. हॉस्पिटल, बिलासपुर, हाईटेक हॉस्पिटल इसके अतिरिक्त कई बड़े अस्तपालों के नाम भी है। जिनके निवेदन पर नाम नहीं छापा जा रहा है।

Next Story