छत्तीसगढ़

जनसंवाद में उठी समस्याओं पर MLA राजेश मूणत सख्त, अधिकारियों को मौके पर दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

Nil dhankar
20 Jun 2026 12:07 PM IST
जनसंवाद में उठी समस्याओं पर MLA राजेश मूणत सख्त, अधिकारियों को मौके पर दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
x

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक राजेश मूणत ने आज प्रातः महावीर उद्यान (अनुपम गार्डन) में क्षेत्र के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ विस्तृत जनसंवाद कर उद्यान की व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस अवसर पर नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, जोन अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण तथा दीनदयाल उपाध्याय मंडल के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

जनसंवाद के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने उद्यान की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, खेल सुविधाओं, दीवारों की ऊंचाई, मवेशियों के अनियंत्रित प्रवेश तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों से विधायक मूणत को अवगत कराया। नागरिकों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए मूणत ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र अमल में लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में पाई गई कमियों पर मूणत ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देशित किया कि उद्यान परिसर की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए तथा नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। मूणत ने उद्यान की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए परिसर की चारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने, मवेशियों के प्रवेश को पूर्णतः रोकने हेतु छोटे प्रवेश द्वार (सुरक्षा गेट) स्थापित करने तथा उद्यान में आवश्यक खेल एवं मनोरंजन संबंधी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उद्यान स्थित "बापू की कुटिया" सभी नागरिकों एवं वरिष्ठजनों के लिए पूर्ववत खुली एवं सुलभ रहे, जिससे सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहन मिलता रहे। साथ ही नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उद्यान परिसर में वाहनों के नियंत्रित एवं सुव्यवस्थित प्रवेश की व्यवस्था बनाए रखने पर भी बल दिया गया। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी प्राथमिकता केवल समस्याओं को सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि "महावीर उद्यान केवल एक सार्वजनिक स्थल नहीं, बल्कि क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, परिवारों एवं युवाओं के सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। आज प्रबुद्ध जनों द्वारा दिए गए सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और उन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। मैंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आवश्यक एस्टीमेट तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करें। नागरिक सुविधाओं के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता का विश्वास और क्षेत्र का विकास ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

Next Story