छत्तीसगढ़
हनुमान जयंती कार्यक्रम के दौरान हादसा, महिला समेत तीन कलाकार झुलसे
Shantanu Roy
3 April 2026 7:59 PM IST

x
देखें VIDEO...
Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करतब दिखाते समय एक महिला आग की चपेट में आ गई, जबकि उसे बचाने आए दो अन्य कलाकार भी झुलस गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, घटना रजगामार चौकी क्षेत्र के मेन क्लब एरिया की है, जहां हनुमान सेवा समिति द्वारा 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन किया गया था। दिन में पूजा-पाठ और भंडारे का कार्यक्रम हुआ, जिसमें आसपास के गांवों और कॉलोनियों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।
शाम के समय शोभायात्रा निकाली जा रही थी, जिसमें दुर्ग से आए कलाकार धार्मिक वेशभूषा में करतब दिखा रहे थे। करीब 6 से 7 कलाकार भगवान शंकर, हनुमान जी, दुर्गा माता और काली माता का रूप धारण कर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ कलाकार मुंह में ज्वलनशील पदार्थ लेकर आग के साथ करतब दिखा रहे थे। करतब के दौरान अचानक काली माता का रूप धारण किए एक महिला कलाकार के बालों में आग लग गई। देखते ही देखते आग भड़क उठी और महिला घबरा कर इधर-उधर भागने लगी। महिला को बचाने के लिए उसके दो साथी कलाकार आगे आए।
लेकिन वे भी आग की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश की और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद तीनों घायलों को तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भिलाई रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि सभी घायल कलाकार दुर्ग जिले के निवासी हैं। इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद लोग ऐसे करतबों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी ली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Next Story





