छत्तीसगढ़
नाबालिग दुष्कर्म केस: फर्जी दस्तावेज बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
23 Aug 2026 3:54 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रसव कराने और नवजात शिशु की बिक्री के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़िता की उम्र और नाम में बदलाव कर फर्जी आधार कार्ड तैयार करने वाले आरोपी पिंटू सिंह को पकड़ा है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रायपुर पुलिस की ओर से की गई। न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामले में पहले ही 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की थी। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार न्यू राजेंद्र नगर थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 289/2026 में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट सहित जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रसव कराने और नवजात शिशु की बिक्री जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को अहम जानकारी मिली। पूछताछ में सामने आया कि महिला आरोपी पूनम सागरिया ने पीड़िता की वास्तविक उम्र अधिक दिखाने और नाम बदलने के उद्देश्य से फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया था। इसके लिए पीड़िता का आधार कार्ड दलदल सिवनी, मोवा, पंडरी निवासी पिंटू सिंह को दिया गया था।
पुलिस टीम ने जानकारी मिलने के बाद पिंटू सिंह की तलाश शुरू की और उसे पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पूनम सागरिया के कहने पर मोबाइल ऐप के माध्यम से पीड़िता के आधार कार्ड में नाम परिवर्तन किया और उसकी उम्र बढ़ाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था। आरोपी ने यह फर्जी दस्तावेज तैयार कर वापस पूनम सागरिया को सौंप दिया था। पुलिस ने आरोपी पिंटू सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। पुलिस मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। जब्त मोबाइल फोन और जांच के दौरान सामने आए अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे और उनकी क्या भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपी पिंटू सिंह की उम्र 30 वर्ष है और वह द्वारिका विहार, शिव मंदिर के पास दलदल सिवनी, थाना मोवा-पंडरी रायपुर का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





