
x
छग
Raipur. रायपुर। समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से आदिवासियों के साथ बस्तर में आंदोलन की तैयारी को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जहां राष्ट्रीयता और समाजहित की बात आती है, वहां कांग्रेस विरोध करने लगती है। मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि आदिवासी समाज को यूसीसी के दायरे से दूर रखा जाएगा। इसके बावजूद आदिवासी समाज के मन में भ्रम और पीड़ा पैदा करने की कोशिश की जा रही है, जो सफल नहीं होगी। मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को पहले आत्मावलोकन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष नेता जब भी बस्तर आए, उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने राहुल गांधी के 2008 और 2019 के दौरों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला और उनकी छत छीनने का काम हुआ।
29 सीटों पर कांग्रेस के फोकस पर भी हमला
बस्तर की 29 सीटों पर कांग्रेस के फोकस को लेकर भी केदार कश्यप ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति का प्रदेश के विकास से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों को भड़काने की कोशिश पहले भी की गई है और अब भी वही प्रयास हो रहा है। मंत्री ने कांग्रेस के पुराने कार्यक्रमों पर टिप्पणी करते हुए पीसीसी नेतृत्व पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहले भी आदिवासियों को बुलाकर कार्यक्रम किए गए, लेकिन उनके हितों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई।
महतारी वंदन योजना पर कांग्रेस को घेरा
महतारी वंदन योजना में करीब डेढ़ लाख महिलाओं के नाम हटने के सवाल पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के नेता पहले महिलाओं को 500 रुपये देने की बात करते थे, जबकि उनकी सरकार ने मातृशक्ति को रक्षाबंधन से पहले राशि उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि यदि नाम कटने के पीछे कोई तकनीकी समस्या है तो उसे जल्द दूर किया जाएगा। मंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कंप्यूटर की खराबी ठीक की जा सकती है, लेकिन कांग्रेस की मानसिकता बदलना मुश्किल है।
वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर तुष्टीकरण का आरोप
कर्नाटक में वंदे मातरम के दो अंतरे गाए जाने की घोषणा को लेकर भी केदार कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने तुष्टीकरण की राजनीति के चलते पहले वंदे मातरम नहीं गाने का फैसला लिया था और आज भी उसी मानसिकता के साथ काम किया जा रहा है। यूथ कांग्रेस के चुनाव में खर्च और पैसों के लेन-देन के आरोपों पर मंत्री ने कहा कि कांग्रेस में पार्षद और विधायक के टिकट से लेकर संगठन के पदों तक के लिए पैसों का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब संगठन के पदों की भी बोली लगाई जा रही है।
दिसंबर तक वन रक्षक भर्ती परीक्षा की संभावना
वन विभाग में वन रक्षकों की भर्ती को लेकर मंत्री ने बताया कि लिखित परीक्षा व्यापम के माध्यम से कराने की तैयारी चल रही है। उपलब्ध अपडेट के अनुसार दिसंबर 2026 तक परीक्षा आयोजित होने की संभावना है। इसमें करीब 16 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। लिखित परीक्षा के बाद भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। नेपाल में आई बाढ़ को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाने पर मंत्री केदार कश्यप ने इसे संवेदनशील पहल बताया। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ बड़ी प्राकृतिक त्रासदी है। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए हेल्पलाइन शुरू कराई है, ताकि वहां फंसे लोगों और उनके परिवारों को आवश्यक मदद और भरोसा मिल सके। मंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आवश्यक कदम उठा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
Next Story





