राजिम में मेडिकल स्टोर के संचालक गिरफ्तार, नकली दवाइयां जब्त

राजिम। राजिम में नकली और अमानक कफ सिरफ की बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने कुलेश्वर मेडिकल स्टोर के संचालक सीताराम साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अमानक और नकली कफ सिरप तैयार कर बाजार में बेचने का गंभीर आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सीताराम साहू “बेस्टो कफ ड्राई कफ फार्मूला” नामक दवाई की बिक्री कर रहा था। इस दवाई की बोतल पर न तो बैच नंबर, न ही निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित थी। औषधि निरीक्षकों को जब इस पर शक हुआ, तो सैंपल लेकर उसे औषधि प्रशिक्षण प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा गया। प्रयोगशाला रिपोर्ट में यह दवाई अमानक और नकली पाई गई।
इसके बाद खाद्य एवं औषधि विभाग ने बोतल पर छपे फार्मा कंपनी के नाम से संपर्क किया। जहां कंपनी ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस नाम से उन्होंने कोई दवाई बनाई ही नहीं है। इस पुष्टि के बाद यह स्पष्ट हो गया कि बाजार में बिक रही दवा पूरी तरह नकली है। इसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुलेश्वर मेडिकल स्टोर के संचालक सीताराम साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।





