छत्तीसगढ़

तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग, करोड़ों का माल जलकर खाक

Shantanu Roy
25 May 2026 10:42 PM IST
तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग, करोड़ों का माल जलकर खाक
x
छग
Bijapur. बीजापुर। बीजापुर जिले के ईटपाल गांव में स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिसमें सरकार का करोड़ों रुपये मूल्य का तेंदूपत्ता जलकर पूरी तरह खाक हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय के पास स्थित ग्राम ईटपाल में तेंदूपत्ता भंडारण गोदाम में अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत व अंदर रखी तेंदूपत्ता की बोरियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को सामान सुरक्षित निकालने का मौका तक नहीं मिला।

इस हादसे में लगभग 25 हजार बोरे तेंदूपत्ता, 8 समितियों का संग्रहण और 13 लॉट पूरी तरह जलकर नष्ट होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार नुकसान करोड़ों रुपये में बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। आग की सूचना मिलते ही प्रशासन, वन विभाग और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक अधिकांश सामग्री जल चुकी थी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। घटना के बाद कई गंभीर सवाल भी उठ रहे हैं।

जब तेंदूपत्ता की उठाई-ढुलाई और भंडारण का कार्य चल रहा था, तब सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी। आग लगने के समय कर्मचारी और गोदाम प्रभारी की मौजूदगी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही यह भी चर्चा है कि गोदाम में आग से बचाव के पर्याप्त उपकरण और व्यवस्था क्यों नहीं की गई थी। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में घटना को लेकर चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित सुरक्षा व्यवस्था होती तो इतना बड़ा नुकसान टाला जा सकता था। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। आगजनी की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय करने के लिए एक टीम गठित की गई है। फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना ने विभागीय लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Next Story