छत्तीसगढ़

रायपुर के पंडरी पुराना बस स्टैंड में लगी भीषण आग, देखें VIDEO...

Shantanu Roy
19 April 2026 4:48 PM IST
रायपुर के पंडरी पुराना बस स्टैंड में लगी भीषण आग, देखें VIDEO...
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज गर्मी के बीच आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में रविवार को पुराना बस स्टैंड पंडरी क्षेत्र में स्थित पुरानी बंद दुकानों और वहां रखे सामान में आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। जानकारी के अनुसार, आग अज्ञात कारणों से लगी, जिससे कुछ ही समय में बंद दुकानों में रखा सामान और पास में मौजूद गुमटियां भी चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं।


घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के कारण शॉर्ट सर्किट की घटनाएं बढ़ गई हैं। पिछले कुछ दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में ट्रांसफार्मरों में आग लगने और घरों व दुकानों में शॉर्ट सर्किट से नुकसान की घटनाएं सामने आई हैं। इस घटना ने एक बार फिर बिजली व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आग से प्रभावित दुकानों और गुमटियों में रखा पुराना सामान जलकर खाक हो गया है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया है। आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से गर्मी के मौसम में बिजली उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और सतर्कता बरतने की अपील की है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बिजली लाइनों की जांच की मांग भी उठने लगी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Next Story