छत्तीसगढ़
मनेन्द्रगढ़ पुलिस की कार्रवाई, चोरी के फरार आरोपी को दबोचा
Shantanu Roy
16 Sept 2026 9:11 PM IST

x
छग
Manendragarh. मनेन्द्रगढ़। जिले के रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में हुई कॉपर वायर चोरी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, चोरी की इस घटना में पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त किया जा चुका था। अब फरार चल रहे दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।
गैराज से चोरी हुआ था कॉपर वायर
जानकारी के अनुसार, मनेंद्रगढ़ शहर की रेलवे कॉलोनी में रहने वाले गुरु दत्ता ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके गैराज से कॉपर वायर चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल आरोपी राकेश यादव पिता श्यामलाल, उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से करीब 10 कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई थी।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस
मामले में अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के निर्देश पर चोरी के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली विवेक पाटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल एक आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंशु देवांगन को गिरफ्तार किया। आरोपी अंशु देवांगन पिता स्व. समय लाल, निवासी वार्ड नंबर-7 ग्राम सेंधा, चौकी नागपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
आरोपी को भेजा गया जेल
आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया। जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और संभावित गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, उप निरीक्षक भरत यादव, प्रधान आरक्षक राजकुमार सेन, प्रधान आरक्षक राकेश आर, मो. आजाद, आरक्षक प्रमोद यादव (साइबर सेल) और होमगार्ड विनीत सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मनेंद्रगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी जैसी घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना में दें। पुलिस ने कहा कि चोरी और अन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





