छत्तीसगढ़

विद्यार्थियों का मैंडेटरी बायोमेट्रिक और आधार अपडेशन अभियान जारी

Shantanu Roy
31 Oct 2025 7:11 PM IST
विद्यार्थियों का मैंडेटरी बायोमेट्रिक और आधार अपडेशन अभियान जारी
x
छग
Durg. दुर्ग। जिले में विद्यार्थियों का मैंडेटरी बायोमेट्रिक एवं आधार अपडेशन कार्य निरंतर जारी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान 29 अक्टूबर से 8 नवम्बर 2025 तक चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक रेकॉर्ड को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना और उनकी पहचान को सटीक एवं अद्यतन रखना है। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को जिलेभर के चिन्हित सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों में कुल 1,642 विद्यार्थियों का मैंडेटरी बायोमेट्रिक
अपडेशन
तथा 292 विद्यार्थियों का आधार अपडेशन किया गया। वहीं, आज जिले के 34 केन्द्रों में आयोजित शिविरों में 2,043 विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेशन और 256 विद्यार्थियों का आधार अपडेशन संपन्न हुआ।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह अभियान छात्रों की पहचान में पारदर्शिता और योजनाओं के लाभ वितरण में सटीकता सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। सभी स्कूलों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विद्यार्थियों का आधार और बायोमेट्रिक डेटा अपडेट कराएं ताकि भविष्य में छात्रवृत्ति, परीक्षा पंजीयन और अन्य शैक्षणिक योजनाओं में किसी प्रकार की समस्या न हो। अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, और तकनीकी टीमों का संयुक्त सहयोग लिया जा रहा है। प्रत्येक विकासखंड में नामांकित ऑपरेटरों को नियुक्त किया गया है जो स्कूलों में जाकर छात्रों का बायोमेट्रिक और आधार डेटा अपडेट कर रहे हैं।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की डिजिटल पहचान के लिए यह कदम अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधन और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि वे इस कार्य में सक्रिय सहयोग दें ताकि 8 नवम्बर तक जिले के सभी विद्यार्थियों का अपडेशन कार्य पूर्ण किया जा सके। अभियान की निगरानी के लिए एक जिला स्तरीय मॉनिटरिंग टीम भी गठित की गई है, जो प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के सभी स्कूलों में 100 प्रतिशत बायोमेट्रिक और आधार अपडेशन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही जिन विद्यार्थियों का आधार पंजीकरण पहले नहीं हुआ है, उनके लिए भी विशेष कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों के साथ आधार कार्ड या संबंधित दस्तावेज लेकर स्कूलों में आयोजित शिविरों में अवश्य पहुंचें।
Next Story