छत्तीसगढ़
सुकमा पुलिस की बड़ी सफलता, 12 लाख के 75 गुम मोबाइल बरामद
Shantanu Roy
17 Sept 2026 1:33 PM IST

x
सुकमा। जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कुल 75 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को वापस किया गया, जिससे लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में की गई। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल ऑप्स रोहित शाह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुकमा मनोज तिर्की के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक सौरभ उईके के पर्यवेक्षण में सायबर सेल की विशेष टीम गठित की गई थी।
CEIR पोर्टल की मदद से तलाशे गए मोबाइल
गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए गठित टीम ने तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल किया। सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह के नेतृत्व में टीम ने मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबर के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन को ट्रेस किया। जांच के दौरान पता चला कि कई मोबाइल फोन छत्तीसगढ़ के अलावा सीमावर्ती राज्यों और अन्य जिलों में उपयोग किए जा रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद किए गए मोबाइल फोन छत्तीसगढ़ के साथ-साथ उड़ीसा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना राज्यों से भी मिले हैं।
मोबाइल मिलने पर लोगों के खिले चेहरे
17 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सुकमा में कार्यक्रम आयोजित कर बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे गए। पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में लोगों को उनके मोबाइल वापस किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर मोबाइल धारकों ने खुशी जाहिर की और सुकमा पुलिस की इस पहल की सराहना की। लोगों ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोबाइल फोन वापस मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
सायबर सेल टीम का रहा विशेष योगदान
इस पूरी कार्रवाई में सुकमा पुलिस की सायबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी संसाधनों का लगातार उपयोग किया जा रहा है। कार्रवाई में सायबर सेल सहायक नोडल सौरभ उईके, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, प्रधान आरक्षक महेंद्र बहादुर कंवर, आरक्षक नेमपाल दिवाकर, मीना गाबड़े, रुखमणी यादव, लीलाराम पटेल, सुरेश पोडियम और भवानी पोडियम का विशेष योगदान रहा। सुकमा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल इसकी सूचना संबंधित थाना या सायबर सेल को दें, ताकि तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की तलाश कर उसे वापस दिलाने की कार्रवाई की जा सके।
Next Story





