छत्तीसगढ़
गणेशोत्सव से पहले पुलिस का बड़ा अभियान, 181 लोगों पर कार्रवाई
Shantanu Roy
21 Sept 2026 6:03 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। गणेशोत्सव और आगामी झांकी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए रायपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। पश्चिम क्षेत्र पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान के तहत एक सप्ताह में 181 लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नशे के कारोबार, अवैध शराब बिक्री, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर शिकंजा कसा है। कार्रवाई के दौरान 210 नग नशीली टैबलेट, 77 नग नशीले सिरप और 15.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है।
नशे और अपराधियों पर पुलिस की नजर
पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिनसन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पश्चिम क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में लंबित स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों की तामिली, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट, आर्म्स एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
13 चाकूबाजों पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई
पुलिस ने अभियान के दौरान चाकूबाजी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई। कुल 13 मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर चाकू जब्त किए गए। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत 4 प्रकरण दर्ज किए गए, जिसमें 6 आरोपियों के कब्जे से 210 नशीली टैबलेट, 77 नशीले सिरप और 15.500 किलो गांजा बरामद किया गया।
अवैध शराब बिक्री पर भी कार्रवाई
अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। आबकारी एक्ट के तहत 18 मामलों में कार्रवाई करते हुए 51.16 बल्क लीटर शराब जब्त की गई। इसके अलावा पुलिस ने 40 फरार वारंटियों को पकड़ा है। वहीं धारा 170 बीएनएसएस के तहत 104 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
थाना स्तर पर हुई कार्रवाई
पश्चिम क्षेत्र के 9 थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।
न्यू राजेंद्र नगर थाना:
एक स्थायी वारंट और तीन गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। दो आर्म्स एक्ट मामलों में चाकू जब्त किए गए। एनडीपीएस एक्ट में 110 नशीली टैबलेट बरामद की गईं।
टिकरापारा थाना:
दो स्थायी और तीन गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। आबकारी एक्ट में पांच प्रकरण दर्ज किए गए और दो आर्म्स एक्ट मामलों में कार्रवाई हुई।
मुजगहन थाना:
9 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। एनडीपीएस एक्ट के तहत 15.500 किलो गांजा जब्त किया गया।
पुरानी बस्ती थाना:
दो गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। आबकारी और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
डीडी नगर थाना:
दो स्थायी और चार गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। आबकारी एक्ट के पांच मामलों में कार्रवाई हुई।
आमानाका थाना:
चार गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। चार आर्म्स एक्ट मामलों में चाकू जब्त किए गए।
आजाद चौक थाना:
चार गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। एनडीपीएस एक्ट में 100 नशीली टैबलेट बरामद की गईं।
सरस्वती नगर थाना:
एक स्थायी और दो गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। 77 नशीले सिरप जब्त किए गए।
कबीर नगर थाना:
एक स्थायी और दो गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। दो आर्म्स एक्ट मामलों में कार्रवाई हुई।
संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी जारी
पुलिस ने बताया कि गणेशोत्सव और झांकी कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार निगरानी की जा रही है। गुंडा बदमाश और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि चाकूबाजी, नशा और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





