छत्तीसगढ़

दुर्ग में तीन थानों की एक साथ बड़ी कार्रवाई, 5.366 किलो गांजा जब्त

Shantanu Roy
22 Nov 2026 6:41 PM IST
दुर्ग में तीन थानों की एक साथ बड़ी कार्रवाई, 5.366 किलो गांजा जब्त
x
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में तीन थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। थाना नेवई, मोहन नगर और पद्मनाभपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 5 किलो 366 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अपचारी बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा 3,990 रुपए नगद, मोबाइल फोन, एक बटनदार धारदार हथियार और अन्य
सामग्री जब्त
की है। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई 22 नवंबर 2026 को चलाए गए अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तीनों थाना क्षेत्रों में मुखबिर से गांजा बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और आरोपियों को पकड़ा।

नेवई पुलिस ने घर के आंगन से पकड़ा गांजा
थाना नेवई पुलिस को सूचना मिली थी कि मौहारी मरोदा में हमर क्लीनिक के पास रहने वाला गोपी राव उर्फ विक्की (36) अपने घर के आंगन में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक स्टील के ढक्कनदार डिब्बे और एक प्लास्टिक की झिल्ली में रखा कुल 1 किलो 322 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 65 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 793/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

सब्जी मंडी में गांजा बिक्री की सूचना पर कार्रवाई
थाना मोहन नगर पुलिस को 22 नवंबर की सुबह करीब 7:10 बजे सूचना मिली कि ग्रीन चौक निवासी राहुल गाड़ा धमधा रोड सब्जी मंडी में युवकों को गांजा बेच रहा है। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर टीम और स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर मुख्य संदेही राहुल गाड़ा मौके से फरार हो गया। हालांकि, वहां मौजूद धनेश्वर मानिकपुरी (19) और दो अपचारी बालकों को पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके कब्जे से 2 किलो 28 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा 2,690 रुपए नगद और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 861/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27(क) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार संदेही की तलाश जारी है। दोनों अपचारी बालकों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

स्टोर रूम में छिपाकर रखा था गांजा, दो आरोपी गिरफ्तार
तीसरी कार्रवाई थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने की। 21 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि हनोदा पेट्रोल पंप के पीछे मानसरोवर कॉलोनी स्थित एक मकान के स्टोर रूम में दो व्यक्ति गांजा छिपाकर बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान चैतन्य बाघ उर्फ शिवम (19) और हरिश मुगरी (20) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 2 किलो 16 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा बिक्री की 1,300 रुपए नगदी, दो मोबाइल फोन, एक बटनदार धारदार हथियार और अन्य सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 769/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(b) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की। दोनों को 22 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

तीनों कार्रवाई में 5.366 किलो गांजा जब्त
दुर्ग पुलिस की तीनों कार्रवाइयों में कुल 5 किलो 366 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ 3,990 रुपए नगद, तीन मोबाइल फोन, एक धारदार हथियार और अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग स्थानों पर गांजा छिपाकर उसकी बिक्री के जरिए अवैध आर्थिक लाभ कमा रहे थे। इस कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, उप निरीक्षक सुरेंद्र तारम सहित पुलिस टीम, मोहन नगर के प्रशिक्षु उप निरीक्षक हसनैन रजा और पुलिसकर्मियों तथा पद्मनाभपुर के निरीक्षक राजेश मिश्रा एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नशे के कारोबार की सूचना देने पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन या भंडारण से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story