छत्तीसगढ़

अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, दो हाईवा जब्त

Shantanu Roy
30 April 2026 11:24 PM IST
अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, दो हाईवा जब्त
x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम रेंगाकठेरा में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में ईंट जब्त की है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई किसान नरसिंग वर्मा की भूमि पर संचालित अवैध ईंट भट्ठे पर की गई। विभाग को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना अनुमति के ईंट निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

जांच के दौरान खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पाया कि वहां अवैध रूप से ईंटों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 1 लाख 5 हजार से अधिक ईंट जब्त की गईं। प्रशासन ने सभी ईंटों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में डोंगरगढ़ के तहसीलदार अमीय श्रीवास्तव, खनिज विभाग के अधिकारी भारत बंजारे सहित अन्य राजस्व और खनिज विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की और दस्तावेजों की जांच की।

अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध खनन और बिना अनुमति के संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि पर्यावरण पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति के किसी भी प्रकार का ईंट निर्माण, खनन या भंडारण करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 और छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत खनिज विभाग और राजस्व विभाग की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं और संदिग्ध क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अन्य भट्ठों में भी हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध खनन या भट्ठा संचालन की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Next Story