छत्तीसगढ़
महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 117 किलो गांजा समेत चार तस्कर गिरफ्तार
Shantanu Roy
21 Sept 2026 7:38 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना महासमुंद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 117.15 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक नाबालिग सहित चार लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो कार, मोबाइल और अन्य सामान समेत कुल करीब 71 लाख 96 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
चेकिंग देखकर भागने लगे तस्कर
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में गांजे की बड़ी खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर लाई जा रही है। इसके साथ एक दूसरी कार पायलेटिंग करते हुए चल रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने ग्राम घोड़ारी के पास नेशनल हाईवे-53 और 353 पर नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद मुखबिर के बताए अनुसार दो कारें वहां पहुंचीं। पुलिस चेकिंग देखकर दोनों वाहनों के चालक अचानक कार मोड़कर भागने लगे।
पीछा कर पुलिस ने पकड़े वाहन
पुलिस टीम ने तत्काल दोनों वाहनों का पीछा शुरू किया। पीछा करते हुए पुलिस ने ग्राम मुढेना के पास गिरवर साहू फर्शी उद्योग के सामने दोनों संदिग्ध कारों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने वाहनों में सवार लोगों से पूछताछ की। पहली कार क्रमांक 23 BH 9438 G में बैठे युवकों की पहचान लोकेश मीणा (32 वर्ष), निवासी करौली राजस्थान हाल रिसाली सेक्टर भिलाई और अभिषेक गोचर (27 वर्ष), निवासी कोटा राजस्थान के रूप में हुई। वहीं दूसरी कार क्रमांक RJ 20 CF 5060 में राकेश मीणा (30 वर्ष), निवासी कोटा राजस्थान और एक विधि से संघर्षरत बालक मिला।
कार से बरामद हुआ 117 किलो गांजा
पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान कार क्रमांक 23 BH 9438 G के अंदर रखे ट्रॉली बैग और प्लास्टिक बोरियों से गांजा बरामद हुआ। जांच में कुल 117.15 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 58 लाख 57 हजार 500 रुपए बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से लेकर भिलाई जा रहे थे।
लाखों की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजे के साथ दो कारें भी जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 9 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, सोने जैसे दिखने वाले आभूषण सहित कुल 71 लाख 96 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 567/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रक्रिया अपनाई गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है और गांजा सप्लाई चेन की जांच की जा रही है।
Next Story





