
x
छत्तीसगढ़
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चिटफंड कंपनी के जरिए कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी के चार डायरेक्टरों ने लोगों को छह साल में निवेश की रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 24 लाख रुपये से अधिक जमा कराए और बाद में कार्यालय बंद कर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में चारों डायरेक्टरों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, सीपत निवासी तीरथ राम रात्रे ने मोपका चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012-13 में ताराचंद पाटले, बसंत यादव, डेरहा कांत और रतन कुर्रे ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड नाम से चिटफंड कंपनी शुरू की थी। कंपनी के संचालकों ने आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को निवेश करने पर छह साल में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिया था।
आरोपियों के झांसे में आकर तीरथ राम रात्रे और उनके परिचितों ने कंपनी में 24 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा कर दी। निवेश के बदले लोगों से फॉर्म भरवाए गए और बॉन्ड पेपर भी दिए गए। कंपनी के डायरेक्टरों और कर्मचारियों ने सरकंडा इलाके में कार्यालय खोल रखा था, जहां लोगों से लगातार रकम जमा कराई जा रही थी।
कार्यालय बंद कर हो गए फरार
कंपनी की ओर से निवेशकों को भरोसा दिलाया गया था कि छह साल पूरे होने के बाद वे अपनी जमा रकम निकाल सकेंगे। लेकिन निर्धारित समय पर लोगों को पैसे वापस नहीं मिले। आरोप है कि रकम जमा कराने के बाद कंपनी के डायरेक्टर और कर्मचारी कार्यालय में ताला लगाकर फरार हो गए। इसके बाद निवेशकों को अपनी जमा पूंजी वापस मिलने की उम्मीद में परेशानी का सामना करना पड़ा।
चार डायरेक्टर गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कंपनी के डायरेक्टरों को बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने ठगी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुटीपारा मोपका निवासी डेरहा प्रसाद कांत (58), पामगढ़ निवासी ताराचंद पाटले (56), रतन लाल कुर्रे (55) और खरौद निवासी बसंत यादव (70) शामिल हैं। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बॉन्ड पेपर और पासबुक जब्त
पुलिस ने जांच के दौरान चिटफंड कंपनी से जुड़े दस्तावेज, निवेशकों के बॉन्ड पेपर और पासबुक सहित अन्य सामान जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने निवेश के नाम पर बड़ी संख्या में लोगों से रुपये जमा कराए थे। अब पुलिस इस मामले में एक दर्जन से अधिक अन्य पीड़ितों से भी शिकायत लेने की तैयारी कर रही है। उनकी शिकायतों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
Next Story





