छत्तीसगढ़

खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध परिवहन में 6 वाहन जब्त

Shantanu Roy
25 May 2026 11:22 PM IST
खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध परिवहन में 6 वाहन जब्त
x
छग
Kondagaon. कोंडागांव। कोंडागांव जिले में खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 6 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत की गई है। जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम ने नियमित जांच के दौरान विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान कई वाहन बिना वैध दस्तावेज और अनुमति के खनिज पदार्थों का परिवहन करते हुए पाए गए। जांच में 2 ट्रैक्टर रेत, 3 हाईवा गिट्टी और 1 ट्रैक्टर ईंट का अवैध परिवहन करते हुए पकड़े गए।

अधिकारियों के अनुसार जब वाहनों को रोका गया और दस्तावेजों की मांग की गई, तो चालक कोई भी वैध अनुमति पत्र या परिवहन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी 6 वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया और खनिज नियमावली के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा राज्य की महत्वपूर्ण संपत्ति है, इसलिए इसके अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार खनिज गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। अवैध रूप से खनिज परिवहन या उत्खनन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभागीय टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से जांच अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाएं। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
Next Story