छत्तीसगढ़
रायपुर में हिट एंड रन: तेज रफ्तार कार ने बाइक को रौंदा, तीन गंभीर
Shantanu Roy
25 May 2026 7:44 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर शहर में देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, पी.व्ही. 46 पखांजूर (जिला कांकेर) निवासी एक व्यक्ति सिविल वर्कर का काम करता है और अपने परिवार के साथ रायपुर घूमने आया था। वह अपने साढू दीपक दास के परिवार के साथ एकता चौक सड्डू क्षेत्र में ठहरा हुआ था। घटना 25 मई 2026 की रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। सूत्रों ने बताया है कि गाडी मालिक का नाम प्रवीण कुमार है जो सफायर ग्रीन निवासी है।
बताया गया कि दोनों परिवार फिल्म देखने के बाद अलग-अलग मोटरसाइकिलों से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मेन रोड पर पहुंचे, तभी रायपुर शहर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार (क्रमांक CG 04 NS 6789) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने चल रही पल्सर बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दीपक दास, अनिता दास और एक बच्ची सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में दीपक दास और अनिता दास को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को तुरंत पास के विहान अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इटसा अस्पताल रेफर कर भर्ती कराया गया। वहां पर उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद तेज रफ्तार कार ने आगे खड़ी एक अन्य SUV वाहन (क्रमांक CG 04 PM 2345) को भी पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद कार चालक मौके पर अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। हादसे में पल्सर बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
आसपास मौजूद लोगों ने घटना को देखा और तुरंत राहत कार्य में मदद की। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का पाया गया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Next Story





