छत्तीसगढ़
सुकमा में आगाज अभियान के तहत छिंदगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Shantanu Roy
4 Nov 2026 6:27 PM IST

x
छग
Sukma. सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में अवैध शराब के कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘आगाज’ के तहत छिंदगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस की टीम ने नेशनल हाईवे-30 पर घेराबंदी कर एक मारुति ईको कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर की खेप बरामद की है। तस्कर बेहद शातिराना अंदाज में शराब को बोरियों और झोलों के भीतर छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को छिंदगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए एक सटीक सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया था कि सुकमा की ओर से जगदलपुर की तरफ जा रही एक सफेद रंग की मारुति ईको कार (पंजीयन क्रमांक AP-39-WP-5611) में अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप लादकर ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सुकमा पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप छिंदगढ़ थाना प्रभारी के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) अनंतज्ञानी मेश्राम एवं पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर थाने के ठीक सामने नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर मुस्तैदी से नाकेबंदी की। कुछ ही समय में सुकमा की ओर से आ रही संदेहास्पद मारुति ईको कार को आते देखा गया। पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर कार को रुकवाया। शुरुआती पूछताछ में कार चालक घबराने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने निष्पक्ष गवाहों की मौजूदगी में जब वाहन की सघन तलाशी ली, तो कार की पिछली सीटों और बूट स्पेस में रखी बोरियों तथा झोलों के भीतर छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब और बीयर के कार्टन बरामद हुए।
पुलिस द्वारा की गई जब्ती की सूची के अनुसार, वाहन के भीतर से 'रॉयल चैलेंज व्हिस्की' के 35 पौवे (कुल 6.300 लीटर), 'जम्मू व्हिस्की' के 48 पौवे (कुल 8.640 लीटर) तथा 'सींबा प्रीमियम बीयर' की 52 बोतलें (कुल 33.800 लीटर) बरामद की गईं। जप्त की गई शराब और बीयर की कुल मात्रा 48.740 बल्क लीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 23,680 रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मारुति ईको कार को भी पुलिस ने आबकारी जब्ती पत्रक के तहत जब्त कर लिया है।
मौके से हिरासत में लिए गए आरोपी चालक से जब शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने लाया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख चिन्ना (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से ग्राम जग्गम पालेम, थाना रम्पाचौड़ावरम, जिला ईस्ट गोदावरी (आंध्र प्रदेश) का निवासी है, जो वर्तमान में सुकमा जिले के छिंदगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम रोकेल में रह रहा था।
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी सीमावर्ती आंध्र प्रदेश और आसपास के इलाकों से सस्ती शराब लाकर बस्तर के आंतरिक ग्रामीण क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर खपाने की फिराक में था। छिंदगढ़ थाना पुलिस ने शराब और वाहन की जब्ती के बाद आरोपी शेख चिन्ना के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद स्वास्थ्य परीक्षण कराकर न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
सुकमा पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार, शराब और गांजा तस्करी को पूरी तरह समाप्त करने के लिए ‘आगाज’ अभियान के तहत लगातार हाईवे और अंदरूनी मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी संदिग्ध वाहनों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी तरह की कड़ी दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Next Story





