छत्तीसगढ़

सूरजपुर में बड़ा हादसा, 10 लोग घायल

Nil dhankar
17 July 2026 5:22 PM IST
सूरजपुर में बड़ा हादसा, 10 लोग घायल
x

सूरजपुर। जिले के कुदरगढ़ देवी धाम दर्शन के लिए मध्यप्रदेश के भुईमाड़ क्षेत्र से आ रही श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप आज सुबह बांक घाट में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और पलट गई। हादसे में 8 से 10 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मध्यप्रदेश के भुईमाड़ क्षेत्र से मां कुदरगढ़ी के दर्शन के लिए श्रद्धालु आ रहे थे। वाहन में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। तभी सुबह करीब 7 बजे बांक घाट में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गई। जिससे 8 से 10 श्रद्धालु घायल हो गए। चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लवकेश गुर्जर मौके पर पहुंचे। उन्होंने 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओडग़ी भेजा, जहां उनका प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर किया गया है जहां इलाज जारी है। वहीं सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पिकअप में सवार लोगों की माने तो ड्राइवर को झपकी आने से यह हादसा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलटने की बात सामने आई है।

Next Story