छत्तीसगढ़

गणेश विसर्जन झांकी के दौरान बड़ा हादसा, जर्जर दुकान का छज्जा गिरा

Shantanu Roy
29 Sept 2026 11:53 AM IST
गणेश विसर्जन झांकी के दौरान बड़ा हादसा, जर्जर दुकान का छज्जा गिरा
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के दौरान रातभर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी रही। शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली झांकियों को देखने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग पहुंचे। जयस्तंभ चौक और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक लोगों की मौजूदगी रही। झांकियों में धार्मिक प्रसंगों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए लोग रास्ते के दोनों ओर खड़े नजर आए। इस बार झांकियों में कई अलग-अलग धार्मिक कथाओं और प्रसंगों को शामिल किया गया। एक झांकी में वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध की थीम दिखाई गई। दूसरी झांकी में यमलोक में रावण के हमले का दृश्य प्रस्तुत किया गया। वहीं एक अन्य झांकी में भगवान श्रीकृष्ण को गरुड़ का घमंड तोड़ते हुए दिखाया गया।

इन झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आम लोग पहुंचे। रातभर झांकी मार्ग पर भारी भीड़ रहने के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कई स्थानों पर लोगों की भीड़ के चलते रास्ता संकरा हो गया। इसी दौरान एक एंबुलेंस भीड़ में फंस गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को हटाकर एंबुलेंस के लिए रास्ता बनाया और उसे बाहर निकाला। झांकी देखने पहुंची दुर्ग की एक महिला भी भीड़ के बीच अपने परिवार से बिछड़ गई। महिला ने पुलिस सहायता केंद्र से मदद मांगी। इसके बाद सहायता केंद्र की टीम ने महिला की मदद की और परिवार तक पहुंचाने की कार्रवाई की।

एमजी रोड इलाके में मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास तेज डीजे और धुमाल के वाइब्रेशन के कारण एक दुकान की छत का छज्जा गिर गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। तेज डीजे की आवाज के बीच बड़ी संख्या में लोग नाचते दिखाई दिए। कुछ स्थानों पर पुलिसकर्मी लोगों को रोकते और व्यवस्था संभालते नजर आए। इसी दौरान एक व्यक्ति ने तेज डीजे की आवाज को लेकर शिकायत भी की। कई समितियों की ओर से धार्मिक गीतों के साथ फिल्मी गाने भी बजाए गए।

झांकी मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए सभी तरह के वाहनों की एंट्री बंद रखी गई थी। ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही इसके लिए एडवाइजरी जारी की थी। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की गई। डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी नियम तय किए गए थे। तेलघानी नाका से शारदा चौक तक पुलिस ने चेकिंग अभियान भी चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में कड़े और देशी शराब की बोतलें जब्त की गईं। झांकी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रातभर सक्रिय रहीं।
Next Story