छत्तीसगढ़

मूकबधिर युवती से प्यार फिर शादी से बचने किया खून, कत्ल करने वाला प्रेमी गिरफ्तार

Nil dhankar
25 March 2026 8:29 AM IST
मूकबधिर युवती से प्यार फिर शादी से बचने किया खून, कत्ल करने वाला प्रेमी गिरफ्तार
x
छग

महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंद्रपुर में 21 वर्षीय मूकबधिर युवती को उसके प्रेमी ने पत्थर से कुचलकर मार डाला। छह घंटे में हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका गर्भवती थी और युवक पर शादी का दबाव बना रही थी।

24 मार्च की सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उसकी पुत्री पुष्पा अजगल्ले का शव घर से लगभग 150 मीटर दूर एक खेत में पड़ा हुआ है। मृतका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान थे। मौके पर एफएसएल टीम और डाग स्क्वाड की मदद से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव के ही युवक लोकनाथ पटेल से युवती का प्रेम प्रसंग था। मृतका गर्भवती थी और वह आरोपित पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी। इस जानकारी के मिलते ही पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

आरोपित ने बताया कि वह युवती से शादी नहीं करना चाहता था और बदनामी के डर से उसे रास्ते से हटाना चाहता था। साजिश के तहत 23 मार्च की मध्यरात्रि वह युवती को बहला-फुसलाकर खेत की ओर ले गया। पास पड़े पत्थर से युवती के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।


Next Story