छत्तीसगढ़

आकाशीय बिजली ने बीजापुर और जगदलपुर में बरपाया कहर, 21 मवेशियों की मौत

Nil dhankar
17 May 2026 12:40 PM IST
आकाशीय बिजली ने बीजापुर और जगदलपुर में बरपाया कहर, 21 मवेशियों की मौत
x

बस्तर। जगदलपुर शहर से लगे चिलकुटी गांव के सुरंगियापारा में आकाशीय बिजली गिरने से 11 मवेशियों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार रात को बारिश के दौरान मवेशी पेड़ के नीचे एक स्थान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वे उसकी चपेट में आ गए। घटना में पशुपालकों को नुकसान हुआ है। शनिवार को सुबह से गर्मी के बाद शाम में मौसम बदला और शहर तथा आसपास के गांवों में बारिश हुई। बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

वहीं बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के पोन्दुम गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 10 मवेशियों की मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना शनिवार शाम करीब साढ़े 7 बजे की है। उस समय मवेशी खेत और खुले स्थान में थे। मौसम बदलने के बाद आकाशीय बिजली गिरने से मवेशियों की मौके पर मौत हो गई। घटना से प्रभावित पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मृत मवेशियों के मालिकों में लक्ष्मण हपका, बुधराम हपका और दशरथ बघेल के दो-दो मवेशी शामिल हैं, जबकि पिंकी बघेल, सुंदरी हपका, आसमती हपका और मन्नू हपका के एक-एक मवेशी की मौत हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि अधिकांश मवेशी सफेद रंग के थे।

ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। मवेशियों की मौत से प्रभावित परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने प्रशासन से सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।


Next Story