छत्तीसगढ़

आकाशीय बिजली का कहर, बलौदाबाजार में छात्र समेत 4 लोगों की मौत

Shantanu Roy
20 Sept 2026 7:15 PM IST
आकाशीय बिजली का कहर, बलौदाबाजार में छात्र समेत 4 लोगों की मौत
x
छग
Baloda Bazar. बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बलौदाबाजार जिले के ग्राम सेमरिया में रविवार दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। वहीं इससे एक दिन पहले जांजगीर-चांपा जिले में भी बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। लगातार हो रही इन घटनाओं से प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है। प्रशासन और पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
खेत में पूजा करने गया था छात्र
जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार जिले के ग्राम सेमरिया निवासी छात्र योनेश कन्नौजे, पिता राजूराम कन्नौजे रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे खेत में पूजा करने गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया। दोपहर करीब 2:30 बजे तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में छात्र आ गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत छात्र को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। छात्र की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन की ओर से भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जांजगीर-चांपा में बिजली गिरने से तीन की मौत
वहीं शनिवार को जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हुआ था। जानकारी के मुताबिक, अचानक मौसम खराब होने के दौरान तेज बारिश और बिजली चमकने लगी। इस दौरान महुदा गांव में कुछ लोग बाड़ी में काम कर रहे थे। बारिश से बचने के लिए वे पास में बनी झोपड़ी में चले गए थे। इसी दौरान आसमान से तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरी और झोपड़ी में मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
तीन लोगों की मौके पर मौत
आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान—
नरेश खैरवार (24 वर्ष) पिता रामू खैरवार, निवासी महुदा
रामभरोश पटेल (32 वर्ष) पिता कंश राम पटेल
तुलसी राम पटेल (51 वर्ष) पिता बेदराम पटेल के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में—
अंजू पटेल (26 वर्ष) पति रामभरोश पटेल
दुलारा बाई पटेल (46 वर्ष) पति तुलसी पटेल
बैशाखू (32 वर्ष) पिता रामू खैरवार शामिल हैं।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घायलों को तत्काल जांजगीर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बारिश के मौसम में सावधानी की अपील
आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम खराब होने के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहना जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Next Story