
x
छग
Ambikapur. अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में दिनदहाड़े घर में घुसकर LIC एजेंट पर हमला करने का मामला सामने आया है। रसूलपुर इलाके में तीन हमलावरों ने 64 वर्षीय बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में मृतक के परिजनों ने बेटी के ससुराल पक्ष पर संदेह जताया है। पुलिस ने मृतक के दामाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर निवासी बशीरुद्दीन बुधवार सुबह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक अचानक घर में घुस आए। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले मारपीट की और फिर बशीरुद्दीन पर चाकू से कई वार किए। हमले के दौरान बशीरुद्दीन ने बचने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी लगातार हमला करते रहे। परिजनों के शोर मचाने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
हमले में बशीरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, पहले उन्हें मिशन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां पुलिस केस होने की बात कहकर इलाज नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें फिरदौही हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
विवाद के चलते हत्या की आशंका
मृतक की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसका अपने ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। उसे आशंका है कि हमला उसके ससुराल पक्ष से जुड़े लोगों द्वारा कराया गया हो सकता है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मृतक के दामाद को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को हत्या की साजिश से जुड़े कुछ सुराग मिलने की बात सामने आई है।
झारखंड से शूटर बुलाने का आरोप
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि कथित तौर पर दामाद ने अपने ससुर की हत्या के लिए सुपारी दी थी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के लिए झारखंड से तीन हमलावर बुलाए गए थे। बताया जा रहा है कि हमले के बाद आरोपी जल्दबाजी में अपनी बाइक मौके पर छोड़कर पैदल फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आईजी दीपक झा और एसएसपी राजेश अग्रवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि हमलावरों के पास पिस्टल भी थी, हालांकि अभी तक गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।
Next Story





