छत्तीसगढ़

वकील महिला की बातों में फंसा, 3 करोड़ की ठगी

Nil dhankar
3 April 2026 10:09 AM IST
वकील महिला की बातों में फंसा, 3 करोड़ की ठगी
x
छग

बिलासपुर। एक चौंकाने वाला साइबर फ्रॉड सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को विदेशी निवेशक बताकर एक वकील से 3 करोड़ 13 लाख 13 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ठग ने क्रिस डेविड नाम की कथित लंदन निवासी महिला बनकर वकील से संपर्क किया। आरोपी ने छत्तीसगढ़ में रियल एस्टेट और अन्य व्यवसायों में निवेश के लिए भारी रकम लगाने का झांसा दिया। ठग ने दावा किया कि 103 करोड़ रुपये का निवेश क्लियर कराने के लिए कुछ प्रोसेसिंग चार्ज और टैक्स देना होगा। शुरुआत में वकील से 11.5 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद अलग-अलग बहानों से किश्तों में रकम मंगाई जाती रही। इस तरह फरवरी से जून 2024 के बीच कुल 3.13 करोड़ रुपये ठग के खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। ठग ने पीड़ित को डराने के लिए आरबीआई, ईडी और अन्य सरकारी एजेंसियों का हवाला भी दिया, ताकि वह रकम ट्रांसफर करता रहे। मामले में इस्तेमाल मोबाइल नंबर हरियाणा के पानीपत निवासी के नाम पर बताया जा रहा है। घटना का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी के इस मामले में तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश या पैसे ट्रांसफर न करें। विदेशी निवेश, लॉटरी या बड़े मुनाफे के नाम पर आने वाले कॉल और मैसेज से सतर्क रहें।

Next Story