छत्तीसगढ़
वंदे मातरम पर कर्नाटक सरकार के फैसले से भड़के शिवराज बोले यह भारत माता का अपमान
Shantanu Roy
11 Sept 2026 2:00 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। कर्नाटक सरकार के वंदे मातरम को लेकर लिए गए फैसले पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कर्नाटक सरकार के निर्णय को अलोकतांत्रिक बताया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस संविधान की धज्जियां उड़ा रही है और कर्नाटक सरकार का फैसला भारत माता का अपमान है। सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित पीएम आवास और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। वंदे मातरम से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि संसद में विधेयक पारित कर इसे लेकर कानून बनाया गया है। ऐसे में कर्नाटक सरकार का फैसला लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने इसे लेकर कांग्रेस सरकार को निशाने पर लिया।
छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास और प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को बहुत प्यार दिया है और अब राज्य में विकास की बयार बह रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘कका और कांग्रेस’ ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह किया था, जबकि भाजपा सरकार गरीबों को मकान का अधिकार देने का काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के लिए 3 लाख 65 हजार से अधिक मकान स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इससे संबंधित स्वीकृति पत्र सौंप रहे हैं। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तेजी से काम किया जा रहा है और प्रतिदिन करीब 1600 मकान पूरे हो रहे हैं। ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों का जिक्र करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत के अभियान में भी छत्तीसगढ़ का सहयोग मिल रहा है।
विकसित भारत के तहत खेत से सड़क योजना को सम्मिलित किया गया है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के लिए 36 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रदेश के लिए सड़कों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन को लेकर भी केंद्रीय मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। भारत आज दुनिया में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत माता फिर से अंगड़ाई ले रही है और देश विश्व गुरु बनने के पथ पर आगे बढ़ रहा है। BRICS समिट को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले देशों का नेतृत्व एक धरती पर एकत्र हो रहा है और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है। यह भारत के बढ़ते वैश्विक महत्व को दिखाता है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस सवाल उठाती है। कांग्रेस देश की प्रतिष्ठा पर उंगली उठाती है और देश की प्रगति तथा विकास से प्रसन्न नहीं हो सकती।
Next Story





