छत्तीसगढ़

कुरुद चावल कारोबारी की हत्या का खुलासा, दोस्त कारोबारी गिरफ्तार

Nil dhankar
1 Aug 2026 11:51 AM IST
कुरुद चावल कारोबारी की हत्या का खुलासा, दोस्त कारोबारी गिरफ्तार
x

धमतरी। कुरुद चावल कारोबारी की हत्या का खुलासा हो गया है। थाना कुरूद के मर्ग क्रमांक 118/2026, धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान मृतक नीरज साहू पिता खुमान साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी कुण्डेल, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में होना पाया गया। 22.07.2026 को नारी महानदी पुल के ऊपर मुख्य मार्ग पर नीरज साहू का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला था। मृतक के गले एवं माथे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे तथा घटनास्थल पर उसका बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG-06-GT-7675 भी खड़ा मिला था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा शव पंचनामा, घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों एवं परिजनों के कथनों तथा उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच की गई। जांच में धारदार वस्तु से हमला कर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 221/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना पांडेय द्वारा तत्काल थाना कुरूद, थाना मगरलोड एवं साइबर टीम की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय एवं नव पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल,डीएसपी. भानूप्रताप चंद्राकर, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने लगातार कई दिनों तक घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य विष्लेषण एवं लगातार घटना से जुड़े संभावित मार्गों एवं क्षेत्रों में लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज को खंगाला गया।

इसके साथ ही पुलिस टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों, घटनाक्रम एवं उपलब्ध सुरागों का सूक्ष्म विश्लेषण किया। लगातार की गई मेहनत और साक्ष्यों के आपसी मिलान के बाद संदेही बिरेंद्र कुमार साहू तक पुलिस पहुंची।

पूछताछ में आरोपी ने किया हत्या का खुलासा

संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने मृतक नीरज साहू की हत्या करना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एवं मृतक दोनों चावल का व्यवसाय करते थे। मृतक का व्यवसाय अच्छा चलने एवं उसकी कमाई अधिक होने के कारण आरोपी उसके प्रति अंदर ही अंदर रंजिश रखता था। इसी रंजिश एवं द्वेष के चलते आरोपी ने मौका पाकर नारी महानदी पुल के सुनसान स्थान पर मृतक को रोककर कैंची एवं पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कैंची एवं पाना बरामद कर गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

बिरेंद्र कुमार साहू, उम्र 21 वर्ष पिता - कन्हैया लाल साहू निवासी - सांकरा

Next Story