ट्रक के सामने KTM सवार ने किया स्टंट, मौके पर जा सकती थी जान

जशपुर। जशपुर जिले से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक तेज रफ्तार ट्रक के सामने खतरनाक बाइक स्टंट करते हुए नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कुनकुरी-तपकरा मार्ग पर स्थित श्री टोली गांव के पास का है, जहां युवक ने केटीएम ड्यूक बाइक पर खतरनाक अंदाज में फ्रंट व्हील लिफ्ट (व्हीली) स्टंट किया।
सड़क पर दोनों वाहनों के बीच मुश्किल से कुछ फीट की दूरी रह गई थी। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि यह किसी बड़े हादसे से कम नहीं था। बावजूद इसके, अब तक स्थानीय पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, यह स्टंट वीडियो कुनकुरी-तपकरा मार्ग पर श्रीनदी पुल से पहले श्री टोली गांव के पास का है। युवक ने अपने मोबाइल से यह वीडियो खुद रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए पोस्ट कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक अपनी केटीएम ड्यूक बाइक को तेज गति से ट्रक के आगे ले जाकर व्हीली करता है, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लोगों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा के नियमों को सख्ती से लागू किया जाए।





