
बिलासपुर। रेत की अवैध खुदाई के लिए बदनाम ग्राम लक्षनपुर में अब मुरुम खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का कोटवार सरकार से मिली जमीन के समतलीकरण की अनुमति लेकर दो महीने से मुरुम की खुदाई करा रहा है और उसे मनमाने दाम पर बेच रहा है।
सरपंच की शिकायत के बाद मामला तहसीलदार तक पहुंचा तो कोटवार ने खनिज विभाग से जमीन समतलीकरण के नाम पर रायल्टी पर्ची जारी करवा ली। इसके बाद वहां मनमानी खुदाई शुरू हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि प्रति हाइवा करीब 960 रुपए रायल्टी तय है, जबकि उनसे 2500 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। आरोप है गांव की उचित मूल्य दुकान के सामने गड्ढा पाटने के लिए संचालक ने तीन ट्रिप के 7500 रुपए दिए। कुछ अन्य ग्रामीणों ने भी इसी दर पर मुरुम लिया है। क
सरपंच ने लगाया धमकी देने का आरोप सरपंच अंजनी बैगा ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर कोटवार पर अवैध उत्खनन का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत के बाद भी खुदाई बंद नहीं हुई। जब उन्होंने खुदाई रोकने को कहा तो कोटवार का बेटा दीपक दास धमकी देने लगा। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।





