छत्तीसगढ़

कोलकाता वाली हवाई टिकिट महंगी

Nilmani Pal
22 Sept 2025 8:56 AM IST
कोलकाता वाली हवाई टिकिट महंगी
x

रायपुर. सोमवार से नवरात्रि की शुरुआत होने के साथ ही रायपुर से कोलकाता जाने का हवाई सफर महंगा हो गया है. कोलकाता में दुर्गा पूजा का आयोजन काफी जोर-शोर के साथ होता है. इस उत्सव में शामिल होने काफी संख्या में लोग कोलकाता जाते हैं, जिसकी वजह से वहां का एयर फेयर दस हजार से ऊपर हो चुका है. आने वाले दिनों में अन्य शहरों के फेयर में भी बढ़ोतरी होने के आसार हैं, क्योंकि त्योहार के मद्देनजर दूसरे शहरों की ओर आना-जाना बढ़ने की उम्मीद है.

शारदीय नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना की जाती है. बंगाली समाज इस त्योहार को उत्साह पूर्वक मनाता है. प्रदेश में काफी संख्या में बंगाली समाज के लोग रहते हैं, जो इस अवसर पर कोलकाता की यात्रा करते हैं. सोमवार से नवरात्रि की शुरुआत होने के साथ रायपुर से कोलकाता के बीच संचालित होने वाली फ्लाइट के फेयर पर इसका असर नजर आने लगा है.

चौबीस घंटे पहले फ्लाइट का टिकट बुक करने पर यात्रियों को दस हजार से अधिक राशि खर्च करनी पड़ रही है. इसी तरह पंचमी के बाद का फेयर बढ़कर 14-15 हजार रुपये तक पहुंचने लगा है. ट्रैवल्स कारोबार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में अन्य शहरों का फेयर भी बढ़ जाएगा, क्योंकि त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ कारोबार के सिलसिले में भी यात्रा का दौर शुरू हो जाएगा.

Next Story
null