
रायपुर। चंगोराभाठा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर चाकू से हमला हुआ है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी ने एक युवक पर एक के बाद एक करीब 9 बार चाकू से हमला किया। घटना में युवक बुरी तरह घायल हो गया उसे एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, डीडी नगर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है गाली देने से मना करने पर विवाद शुरू हुआ था। जानकारी के अनुसार, धनवंतरी मेडिकल के पास रहने वाली नेहा देवांगन ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 दिसंबर की रात उसके पति जीवन देवांगन पर सुभाष देवांगन और राजू देवांगन ने हमला किया।
नेहा ने बताया कि रात करीब 9.30 बजे उसका पति जीवन देवांगन अपने दोस्त पीयुष सोनी के साथ बैटरी का इंतजाम करने शीतला मंदिर के पास गया था। वहां सुभाष देवांगन उसके पति का नाम लेकर गाली-गलौज कर रहा था। जब जीवन ने उसे मना किया तो आरोपियों ने चाकू से वार कर दिया। बीच-बचाव करने आए पीयुष सोनी पर भी हमला किया गया। हमले में जीवन देवांगन के गर्दन, पेट, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं वहीं पीयुष सोनी के पेट में चोट पहुंची।
घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जीवन देवांगन को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पीयुष सोनी का इलाज मेकाहारा अस्पताल में चल रहा है।





